30 C
Kolkata
Friday, May 8, 2026

भारत की अंडर-18 हॉकी टीम में नवल टाटा हॉकी अकादमी के तीन खिलाड़ी चयनित, ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ में दिखाएंगे दम

पूर्वी सिंहभूम । नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के तीन प्रतिभाशाली कैडेट प्रेमचंद सोय, जैसन कंडुलना और आशीष तानी पूर्ति का चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी चार मैचों की सीरीज़ के लिए भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम में किया गया है। खिलाड़ियों के चयन से अकादमी और जमशेदपुर में खुशी का माहौल है।

यह सीरीज़ 15 मई से 20 मई 2026 तक एसएआई सेंट्रल सेंटर में आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता को मई के अंत में जापान के काकामिगाहारा में होने वाले पुरुष अंडर-18 एशिया कप की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एशिया कप का आयोजन 29 मई से 06 जून 2026 तक होगा।

तीनों खिलाड़ियों ने एक सप्ताह तक चले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम के अंतिम 24 सदस्यीय दल में जगह बनाई। इस शिविर में देशभर से चुने गए 42 संभावित खिलाड़ियों का तकनीकी कौशल, मैच फिटनेस और रणनीतिक तैयारी के आधार पर मूल्यांकन किया गया था।

चयनित खिलाड़ियों में आशीष तानी पूर्ति डिफेंडर, प्रेमचंद सोय मिडफील्डर और जैसन कंडुलना फॉरवर्ड की भूमिका निभाएंगे। अलग-अलग पोजिशन पर खेलने वाले इन खिलाड़ियों से टीम को मजबूत संतुलन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली यह सीरीज़ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ-साथ उच्च स्तरीय मुकाबलों में अपनी क्षमता साबित करने का अवसर भी प्रदान करेगी। इसे आगामी एशिया कप के लिए टीम की रणनीतिक और मानसिक तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रेमचंद, जैसन और आशीष का चयन उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अकादमी युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल, संरचित प्रशिक्षण और पेशेवर कोचिंग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख