खूंटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, प्रारूप मतदाता सूची और दावे-आपत्तियों से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने एआरओ, एईआरओ, बीएलओ और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने 60-खूंटी विधानसभा क्षेत्र के मुरहू प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 239, 240, 241, 245 और 246 तथा 59-तोरपा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 113 का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचने वाले मतदाताओं को एसआईआर-2026 की प्रक्रिया की पूरी जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 की सुविधा
उपायुक्त ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरने की सुविधा उपलब्ध है। वहीं, जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे परिवार के सभी मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं।
उन्होंने बीएलओ और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में उचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी पात्र मतदाता को परेशानी न हो।
5 अगस्त को प्रकाशित हो चुकी है प्रारूप मतदाता सूची
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। सूची में नाम जोड़ने, किसी प्रविष्टि में संशोधन कराने या किसी नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार जांच एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
8-9 और 22-23 अगस्त को विशेष शिविर
एसआईआर-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। प्रशासन ने पात्र मतदाताओं से इन शिविरों का लाभ उठाने और मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक कार्य समय पर पूरा कराने की अपील की है।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी ललन कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
