रांची। झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर राजधानी में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 9 और 10 अगस्त को होने वाले महोत्सव के दौरान 9 अगस्त को बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग में बदलाव किया गया है।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा प्रतिबंध
ट्रैफिक एसपी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार, 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जतरा कार्यक्रम के दौरान जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास से बापू वाटिका, मोरहाबादी तक सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
मोरहाबादी में बढ़ेगा यातायात दबाव
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार जतरा कार्यक्रम में खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची के रातू, कांके, पिठोरिया समेत अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने की संभावना है। शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों के कारण भी मोरहाबादी क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
इसके लिए यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। कांके रिंग रोड, चांदनी चौक, राम मंदिर और शहर के धुर्वा, हिंदपीढ़ी, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़ और यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अलग-अलग क्षेत्रों के वाहनों के लिए पार्किंग
बोड़ेयो रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरओआई मैदान यानी मंदिर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों को डीआईजी मैदान, बरियातू में पार्क करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है।
चारपहिया वाहनों से मोरहाबादी जाने से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक से करमटोली चौक होते हुए एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास के मार्गों पर चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करें। केवल विशेष परिस्थितियों में ही इन मार्गों पर चारपहिया वाहन ले जाने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को मोरहाबादी और आसपास के क्षेत्रों में जाने से पहले यातायात डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
