रांची। रिम्स परिसर में स्थित पावरग्रिड विश्राम गृह के संचालन को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। तय निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद साउथ विहार वेलफेयर सोसाइटी फॉर ट्राइबल्स को इसका संचालन सौंपा गया है। नई एजेंसी नए साल के पहले दिन से विश्राम गृह का संचालन शुरू करेगी। मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के लिए विश्राम गृह के किराए में बड़ी कटौती की गई है। पहले जहां प्रति व्यक्ति 100 रुपये प्रतिदिन शुल्क लिया जाता था, अब यह घटाकर 25 रुपये कर दिया गया है। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, पहले सात दिनों तक 25 रुपये प्रति दिन देने होंगे, जबकि सात दिन के बाद 50 रुपये प्रतिदिन शुल्क लिया जाएगा। इन नई दरों को रिम्स की गवर्निंग बॉडी से मंजूरी मिल चुकी है।
इस फैसले से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जो लंबे इलाज के कारण आर्थिक परेशानी झेलते हैं। अब तक विश्राम गृह का सिर्फ पहला तल्ला ही चालू था, जिससे सीमित लोगों को ही ठहरने की सुविधा मिल पाती थी। नए संचालन के बाद पांचों तल्लों में कुल 310 बेड पूरी तरह से उपलब्ध हो जाएंगे।
इसके अलावा, विश्राम गृह में जल्द ही कैंटीन, कैफेटेरिया और फार्मेसी भी शुरू की जाएगी। इससे मरीजों के परिजनों को खाने-पीने या दवाइयों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सभी जरूरी सुविधाएं परिसर के अंदर ही मिलेंगी। प्रबंधन के नियमों के अनुसार, केवल रिम्स में भर्ती मरीजों के परिजनों को ही विश्राम गृह में ठहरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए भर्ती से जुड़े दस्तावेजों के साथ आवेदन देना होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बेड आवंटित किया जाएगा।


