रांची । झारखंड विधानसभा के सदस्य और वरिष्ठ विधायक सरयू राय ने शुक्रवार को रांची स्थित राजभवन (लोक भवन) में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को आगामी धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
चूल्हापानी में मनेगा ‘गंगा दशहरा’
मुलाकात का मुख्य उद्देश्य राज्यपाल को 25 मई को चूल्हापानी में आयोजित होने वाले भव्य ‘गंगा दशहरा’ कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करना था। चूल्हापानी, जिसे दामोदर नदी का उद्गम स्थल माना जाता है, वहां हर साल गंगा दशहरा के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
सरयू राय ने राज्यपाल को कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने हेतु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान सरयू राय ने राज्यपाल को कार्यक्रम की रूपरेखा और जल संरक्षण व नदियों की स्वच्छता से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी। ‘गंगा दशहरा’ के अवसर पर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के जुटने और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की तैयारी है।
विधायक सरयू राय लंबे समय से नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों को उठाते रहे हैं। चूल्हापानी का यह कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

