खूंटी । हजारीबाग में हुई सनसनीखेज बैंक डकैती के बाद खूंटी पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी बैंकों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए “ऑपरेशन सतर्क” चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के 55 बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई।
शुक्रवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस टीमों ने बैंकों में लगे CCTV कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की मुस्तैदी का जायजा लिया।ऑडिट के दौरान जिन बैंकों में सुरक्षा उपकरण खराब मिले या कमियां पाई गईं, उनके शाखा प्रबंधकों को तत्काल सुधार करने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा मानकों के साथ समझौता न करने की सलाह दी है।
हजारीबाग डकैती से लिया सबक:
गौरतलब है कि 24 अप्रैल को हजारीबाग के बरही स्थित ‘बैंक ऑफ महाराष्ट्र’ में करोड़ों के सोने और नकदी की बड़ी लूट हुई थी। इस मामले में झारखंड पुलिस और यूपी एसटीएफ ने वाराणसी से अंतरराज्यीय गैंग के तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
बरामदगी:
करीब 1 किलो सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक कार और मोबाइल फोन
“बैंक ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। ‘ऑपरेशन सतर्क’ के जरिए हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अपराधी किसी भी बैंक को निशाना न बना सकें।” — पुलिस प्रशासन, खूंटी

