जमशेदपुर। जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान राजू उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मुंशी मोहल्ला में अंधाधुंध फायरिंग, अस्पताल में मृत घोषित
जानकारी के अनुसार, मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में राजू उर्फ बच्चा पर अचानक बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच हत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
