30.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

पलामू में भूमि अधिग्रहण विवाद पर बवाल, पुलिस पर पथराव, दो जवान घायल

पलामू। पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के चियांकी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल, कुछ देर जाम रहा राजमार्ग

पथराव में झारखंड सशस्त्र पुलिस के जवान राजमोहन सिंह और सहायक पुलिस की महिला जवान प्रिया सिंह घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग भी जाम कर दिया।

सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

मुआवजे को लेकर विरोध, प्रशासन ने लागू की थी निषेधाज्ञा

बताया जा रहा है कि चियांकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है, जबकि निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने 9 और 10 जुलाई के लिए चियांकी क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की थी। गुरुवार को प्रशासनिक टीम भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों के साथ कहासुनी के बाद मामला हिंसक हो गया।

सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि चियांकी क्षेत्र में पथराव की घटना हुई है। कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहे थे।

Related Articles

नवीनतम लेख