कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता और हावड़ा नगर निगम में वार्डों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए 12 अगस्त को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा।
सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 और हावड़ा नगर निगम में 50 से बढ़ाकर 68 की जाएगी। इसके बाद नए सिरे से वार्डों का परिसीमन किया जाएगा, जिसके आधार पर दोनों नगर निगमों के चुनाव कराए जाएंगे।
सरकार का कहना है कि वार्डों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सात दिसंबर तक दोनों नगर निगमों में निर्वाचित बोर्ड का गठन करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस निर्णय को लेकर विपक्ष ने आपत्ति जताई है। विपक्षी दलों का कहना है कि वार्ड पुनर्गठन से पहले मसौदा सूची जारी कर सभी राजनीतिक दलों और संबंधित पक्षों से सुझाव लेना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया। उनका आरोप है कि सरकार बिना व्यापक चर्चा के प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भी कोलकाता नगर निगम की प्रशासक एवं आयुक्त स्मिता पांडे से वार्ड पुनर्गठन की प्रक्रिया और राजनीतिक दलों से राय लेने के संबंध में स्पष्ट जानकारी मांगी है। ऐसे में 12 अगस्त को होने वाले विशेष सत्र में संशोधन विधेयक के साथ वार्ड पुनर्गठन का मुद्दा भी राजनीतिक बहस का प्रमुख विषय बनने की संभावना है।
