30.7 C
Kolkata
Friday, August 7, 2026

डीपीएल: आर्यन गौर के 91 रन, पुरानी दिल्ली 6 की शानदार जीत

नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 27 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज आर्यन गौर की विस्फोटक पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरानी दिल्ली 6 ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 177 रन बनाए। आर्यन गौर ने 42 गेंदों में 91 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन 13वें ओवर में उनके आउट होने के बाद टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 155 रन तक सात बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। अंतिम ओवरों में दिग्वेश सिंह राठी ने नौ गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम का स्कोर 177 रन तक पहुंचाया।

न्यू दिल्ली टाइगर्स की ओर से ऋतिक शोकीन ने चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि लक्ष्मण ने भी चार ओवर में 29 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट किया।

178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम पूरे मुकाबले में दबाव से बाहर नहीं निकल सकी। कप्तान हिम्मत सिंह ने 25 गेंदों में 36 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। निर्धारित 20 ओवर में टीम आठ विकेट पर 150 रन ही बना सकी और 27 रन से मुकाबला हार गई।

पुरानी दिल्ली 6 की ओर से रजनीश दादर ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। वहीं पंकज जसवाल ने चार ओवर में एक मेडन के साथ 22 रन देकर एक विकेट हासिल किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख