37.9 C
Kolkata
Sunday, June 21, 2026

युवती से मिलने को लेकर विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला, दो आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र स्थित कर्दमपुरी में युवती से मिलने को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद और जड़ दिया थप्पड़

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे कर्दमपुरी की गली नंबर-4 में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ज्योति नगर थाना पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, स्थानीय लोग घायलों को गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में घायल हुसैन (18) ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त रहमान (19) का कर्दमपुरी निवासी साजिद से काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रहमान इलाके की एक परिचित युवती से मिलने आता था, जिससे साजिद नाराज था। मंगलवार को इसी विवाद को सुलझाने के लिए रहमान अपने दोस्तों हुसैन और आमिर के साथ कर्दमपुरी पहुंचा था, जहां बातचीत के दौरान रहमान ने कथित तौर पर साजिद को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद साजिद और उसके साथियों ने चाकुओं से हमला कर दिया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, दो आरोपी दबोचे

वारदात की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इस संबंध में ज्योति नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने कर्दमपुरी के शनि बाजार निवासी 19 वर्षीय फर्दीन और वेलकम स्थित कबूतर मार्केट निवासी 19 वर्षीय काशिफ को गिरफ्तार कर लिया है।

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य चेहरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख