नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में कारोबारी और आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ता मोहम्मद राशिद की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की गई है, जो जांच में चोरी की निकली है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों का गहन विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने चांद बाग निवासी अयान और खजूरी खास निवासी इमरान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
नूर-ए-इलाही इलाके से चोरी हुई थी स्कूटी
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के पास से बरामद स्कूटी का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था। विस्तृत जांच में पता चला कि यह स्कूटी नूर-ए-इलाही इलाके से चोरी की गई थी। उल्लेखनीय है कि दयालपुर के नेहरू विहार क्षेत्र में सोमवार शाम मोहम्मद राशिद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि राशिद का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था।
हत्या के पीछे की साजिश और मकसद की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। हत्या के पीछे की मुख्य साजिश, इसके मकसद और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की कड़ाई से पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही पकड़े गए आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
