28.8 C
Kolkata
Saturday, August 8, 2026

न्यूजीलैंड ने 2026-27 केंद्रीय अनुबंध सूची जारी की, डेवन कॉनवे की वापसी

वेलिंगटन। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) ने 2026-27 सत्र के लिए बुधवार को अपनी केंद्रीय अनुबंध सूची घोषित कर दी है। इस सूची में सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे की शानदार वापसी हुई है, जबकि तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को भी दोबारा अनुबंध मिला है। वहीं दूसरी ओर, आदित्य अशोक और मोहम्मद अब्बास को इस बार सूची से बाहर का रास्ता देखना पड़ा है।

डेवन कॉनवे की पूर्ण रूप से हुई वापसी

डेवन कॉनवे पिछले दो वर्षों से दुनिया भर की टी-20 लीगों में व्यस्त रहने के कारण न्यूजीलैंड बोर्ड के साथ केवल सीमित समझौते के तहत जुड़े हुए थे। हालांकि अब उन्होंने अगस्त 2026 से जुलाई 2027 तक राष्ट्रीय टीम के सभी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए खुद को पूरी तरह उपलब्ध करा दिया है। मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि कॉनवे लंबे समय से तीनों प्रारूपों में टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। केन विलियमसन के हालिया संन्यास के बाद टीम बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही है, ऐसे में कॉनवे का अनुभव टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

ब्रेसवेल और चैपमैन केवल सीमित ओवरों के विशेषज्ञ

तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसके कारण उन्हें दोबारा अनुबंध मिला है। आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में उनके पांच विकेट भी चयन का बड़ा आधार बने। इसके अलावा पिछले सत्र में केंद्रीय अनुबंध पाने वाले जैक फॉल्क्स और मिच हे ने भी अपनी जगह बरकरार रखी है। एनजेडसी ने यह भी स्पष्ट किया कि माइकल ब्रेसवेल और मार्क चैपमैन ने टेस्ट क्रिकेट अनुबंध रैंकिंग में शामिल नहीं होने का अनुरोध किया था। ये दोनों खिलाड़ी अब केवल सीमित ओवर प्रारूप के विशेषज्ञ के रूप में केंद्रीय अनुबंध सूची में रहेंगे।

कैजुअल प्लेइंग एग्रीमेंट की जल्द होगी घोषणा

बोर्ड ने बताया कि आने वाले सप्ताहों में सीमित अनुबंध (कैजुअल प्लेइंग एग्रीमेंट) की भी घोषणा की जाएगी, जिसमें फिन एलेन, लॉकी फर्ग्यूसन और टिम सिफर्ट जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

न्यूजीलैंड केंद्रीय अनुबंध सूची (2026-27):

टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सीयर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

Related Articles

नवीनतम लेख