हजारीबाग। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर गोलीबारी के मामले में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े एक संदिग्ध को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अंकित कुमार पांडेय के पैर में गोली लगी है। घटनास्थल और उसकी निशानदेही पर हथियार, देसी बम और धमकी भरे पर्चे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में जांच के दौरान पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय पर संदेह हुआ। बड़कागांव थाने में इस मामले में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया था।
पुलिस के अनुसार, अंकित के मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों से बातचीत किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान की बरामदगी के लिए गैस प्लांट के पास पहुंची।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान अंकित ने एक जवान को धक्का देकर बरामद पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग करने वाले प्रिंस खान गिरोह से जुड़े संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने मुठभेड़ में आरोपी के घायल होने की भी पुष्टि की है। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी के लिए प्रेस वार्ता की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने साथियों के साथ गोलीबारी करने और प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और बम पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए थे।
