28.8 C
Kolkata
Saturday, August 8, 2026

थॉम्पसन की घातक गेंदबाजी, 54 रन पर ढेर हुआ बांग्लादेश

डार्विन। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कैंपबेल थॉम्पसन की शानदार गेंदबाजी के दम पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश ने बांग्लादेश को अभ्यास मैच में पारी और 38 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला शुरू होने से पहले बांग्लादेश की दूसरी पारी महज 54 रन पर सिमट गई।

22 वर्षीय थॉम्पसन ने 11 ओवर में 25 रन देकर आठ विकेट झटके। उन्होंने मैच के दूसरे दिन बांग्लादेश की दूसरी पारी में दो विकेट लेकर उसे 19 रन पर दो विकेट की स्थिति में पहुंचाया था। इसके बाद तीसरे दिन छह और विकेट लेकर पूरी टीम को 54 रन पर समेट दिया।

थॉम्पसन ने मैच के बाद कहा कि उनका लक्ष्य नई गेंद से स्विंग हासिल करना और स्टंप को निशाना बनाना था। उन्होंने दूसरी पारी में अपेक्षाकृत छोटी लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए अपनी योजना पर कायम रहने को सफलता की वजह बताया।

हाल ही में हैमस्ट्रिंग चोट से उबरकर वापसी कर रहे थॉम्पसन के नाम अभी केवल एक प्रथम श्रेणी मैच है। इस प्रदर्शन ने उन्हें चयनकर्ताओं के सामने मजबूत दावेदार के रूप में पेश किया है।

ऑस्ट्रेलिया एकादश की जीत में ऑफ स्पिनर कोरी रोकिचियोली ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट लिए और दूसरी पारी में चार ओवर में छह रन देकर दो विकेट हासिल किए।

इससे पहले टेग वायली ने 130 रन की शानदार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया एकादश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वायली और जेक डोरान के बीच 139 रन की साझेदारी ने टीम को बढ़त दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संक्षिप्त स्कोर: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश 355 रन (टेग वायली 130, जेक डोरान 76) ने बांग्लादेश 263 रन (मेहदी हसन मिराज नाबाद 109) और 54 रन (कैंपबेल थॉम्पसन 8/25) को पारी और 38 रन से हराया।

Related Articles

नवीनतम लेख