रांची। 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के ग्रुप-सी मुकाबले में एससी दिल्ली ने डिफेंडर्स एफसी को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से शिकस्त दी। बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए मैच में ब्राजीलियाई फॉरवर्ड रोड्रिगिन्हो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल दागे। क्लब के लिए पदार्पण मुकाबले में ही उन्होंने हैट्रिक सहित पांच गोल कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
एससी दिल्ली ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। रोड्रिगिन्हो ने छठे मिनट में शानदार व्यक्तिगत प्रयास से टीम का खाता खोला। दो मिनट बाद मोहम्मद ऐमन की थ्रू गेंद पर उन्होंने दूसरा गोल किया। 12वें मिनट में यांगलेम सनातोंबा सिंह के लो क्रॉस को गोल में बदलकर रोड्रिगिन्हो ने महज 13 मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी कर ली।
लगातार तीन गोल से दबाव में आई डिफेंडर्स एफसी की मुश्किलें 34वें मिनट में और बढ़ गईं। लालरिनलियाना हनामते की लंबी गेंद पर मोहम्मद ऐमन ने गोलकीपर के ऊपर से शानदार चिप लगाकर स्कोर 4-0 कर दिया। पहले हाफ में एससी दिल्ली ने 61 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रखा और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
डिफेंडर्स एफसी को पहले हाफ में गोल करने के ज्यादा मौके नहीं मिले। इंजरी टाइम में कप्तान आरएसी मदुशन की फ्री-किक ही टीम का उल्लेखनीय प्रयास रहा, जो पोस्ट के बाहर निकल गई। दिल्ली चार गोल की बढ़त के साथ मध्यांतर तक पहुंची।
दूसरे हाफ में डिफेंडर्स एफसी ने रक्षापंक्ति को मजबूत किया और दिल्ली के आक्रमण को कुछ समय तक रोकने में सफल रही। एससी दिल्ली के कोच टोमाज तखोर्ज ने जुआन सेबास्टियन पेना और मोहम्मद कैफ को मैदान पर उतारा। पेना ने दो प्रयास किए, लेकिन डिफेंडर्स के गोलकीपर टीएस प्रियाशन ने दोनों को रोक लिया।
मैच के अंतिम चरण में दिल्ली ने फिर आक्रामक रफ्तार पकड़ी। 89वें मिनट में रोड्रिगिन्हो ने पेनाल्टी बॉक्स के बाहर से बाएं पैर से शानदार घुमावदार शॉट लगाकर अपना चौथा गोल किया। इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में जुआन सेबास्टियन पेना ने दो डिफेंडरों को छकाते हुए गोल किया और स्कोर 6-0 कर दिया।
इसके बाद अतिरिक्त समय के पांचवें मिनट में रोड्रिगिन्हो ने अपना पांचवां गोल दागकर एससी दिल्ली की 7-0 से शानदार जीत सुनिश्चित कर दी।
इस जीत के साथ एससी दिल्ली ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए छह अंकों के साथ ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने क्वार्टर फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है। वहीं डिफेंडर्स एफसी का ग्रुप चरण का अभियान लगातार तीसरी हार के साथ समाप्त हो गया।
