28.8 C
Kolkata
Saturday, August 8, 2026

मप्र में आज तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की धीमी रफ्तार के बीच शनिवार को पन्ना, सतना और रीवा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में इन तीनों जिलों में 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 16.8 इंच यानी 426.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि में 21 इंच यानी 533.6 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में सामान्य से 4.2 इंच यानी करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। प्रदेश की सामान्य वार्षिक बारिश 37.3 इंच है और अब तक मौसम की कुल बारिश सामान्य वार्षिक औसत की आधी भी नहीं पहुंची है।

दतिया में 24 घंटे में 3.5 इंच बारिश

शुक्रवार को दतिया में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा। यहां सुबह केवल चार घंटे में करीब 1.57 इंच यानी 40 मिलीमीटर और 24 घंटे में कुल 3.5 इंच बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिसके बाद स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी।

भांडेर और सेवढ़ा विकासखंड में कक्षा आठवीं से ऊपर के स्कूलों के संचालन का निर्णय स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर संस्था प्रमुखों पर छोड़ा गया है। रायसेन में भी शुक्रवार सुबह करीब 15 मिनट तेज बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे कई सड़कों पर जलभराव हो गया।

सोन नदी के पुल पर पानी, 40 गांवों का संपर्क प्रभावित

सीधी जिले के भंवरसेन घाट पर शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद सोन नदी के पुल पर पानी भर गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुल को बंद करना पड़ा, जिससे करीब 40 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है।

भंवरसेन पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर खिसककर सड़क पर आने से भी हादसे का खतरा बना हुआ है। खरगोन, सतना, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, सीधी और रायसेन समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

पूर्वी मप्र में 23 प्रतिशत कम बारिश

प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया में भी बारिश 5 से 48 प्रतिशत तक कम दर्ज की गई है।

पश्चिमी मप्र में भी बारिश सामान्य से कम

भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन, बड़वानी और विदिशा में भी बारिश औसत से कम रही है।

छह जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के ग्वालियर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, खंडवा और खरगोन में ही अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख