रांची । राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। न्यू खटंगा स्थित एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य के गहनों और 15 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब घर के सदस्य नेपाल यात्रा पर गए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, न्यू खटंगा निवासी अनीश कुमार भारती अपने परिवार के साथ नेपाल घूमने गए थे। यात्रा से लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे।
परिवार ने जब घर की जांच की तो पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद गायब हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अनीश कुमार भारती ने खेलगांव थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
पुलिस का मानना है कि चोरों को घर के कई दिनों तक बंद रहने की जानकारी थी, जिसके बाद उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
