26.4 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

छपरा में 22 जुलाई से जनगणना अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू, 622 अधिकारी होंगे प्रशिक्षित

सारण। जनगणना के दूसरे चरण को त्रुटिरहित और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के निर्माण और आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया समझाने के लिए 22 जुलाई से छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होगा, जो 28 जुलाई तक चलेगा।

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी के निर्देश पर प्रशिक्षण दो बैचों में आयोजित किया जाएगा। जिला अतिथि गृह के सभागार और बैठक कक्ष में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में कुल 622 चार्ज और क्षेत्रीय अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलने वाले प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय की मास्टर ट्रेनर अदिति आनंद, आयुषी सिंह, लक्ष्मी मिश्रा और शंकर शरण श्रीवास्तव अधिकारियों को आंकड़ा संकलन की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और निर्धारित नियमों की जानकारी देंगे।

प्रशिक्षण की सभी तैयारियां पूरी

प्रशिक्षण के सफल संचालन के लिए एडीएम मुकेश कुमार को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। जिला सूचना अधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी तथा डीसीएलआर सह एसएलएमटी आलोक राज को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशिक्षण केंद्रों पर पेयजल, भोजन, वाई-फाई, प्रोजेक्टर, बिजली और स्टेशनरी की व्यवस्था की गई है। वहीं नगर निगम को साफ-सफाई, पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस और मेडिकल टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का संवेदनशील कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी नामित अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख