सहरसा। सहरसा सदर विधायक ई. आईपी गुप्ता ने राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर बिहार के डिग्री कॉलेजों में कार्यरत गेस्ट फैकल्टी की सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण और आयु सीमा से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। उनके साथ प्रतिनिधिमंडल में डॉ. श्वेता शरण और अभय कुमार गुड्डू भी मौजूद रहे।
विधायक ने बताया कि बिहार के 211 डिग्री कॉलेजों में प्रोफेसरों की नियुक्ति के बाद वर्षों से कार्यरत गेस्ट फैकल्टी के सामने नौकरी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं अधिकतम आयु सीमा पार होने के कारण अधिकांश गेस्ट फैकल्टी नई नियुक्तियों के लिए आवेदन भी नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले रमेश झा महिला महाविद्यालय में गेस्ट फैकल्टी से मुलाकात के दौरान उनकी समस्याओं को सुनने के बाद राज्यपाल के समक्ष यह मामला उठाने का आश्वासन दिया था, जिसे उन्होंने पूरा किया।
राज्यपाल ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
विधायक के अनुसार, राज्यपाल ने ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी गेस्ट फैकल्टी की नौकरी नहीं जाएगी। साथ ही उन्हें 65 वर्ष की आयु तक सेवा का अवसर सुनिश्चित करने के लिए बिहार के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को आवश्यक पत्र भेजने की बात कही।
इस दौरान विधायक आईपी गुप्ता ने तांती-ततवा-पान समाज के आरक्षण से जुड़े मुद्दे तथा खगड़िया के अवध बिहारी संस्कृत महाविद्यालय की 1034 एकड़ भूमि से संबंधित मामले पर भी अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। राज्यपाल ने इन विषयों पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
