26.4 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

रूसी मिसाइल हमले पर भारत सख्त, प्रभारी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को किया तलब

नई दिल्ली। भारत ने रूसी मिसाइल हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत के मामले में मंगलवार को रूस के प्रभारी राजदूत व्लादिमीर लादानोव को तलब किया। विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत की गंभीर चिंता से उन्हें अवगत कराया।

विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं। भारत ने स्पष्ट किया कि व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना और इसके कारण निर्दोष नागरिकों की जान जाना स्वीकार्य नहीं है।

मंत्रालय ने व्लादिमीर लादानोव से कहा कि वह भारत की गंभीर चिंता और आपत्ति से अपने अधिकारियों को अवगत कराएं।

रूसी हमले में चार भारतीयों की हुई थी मौत

उल्लेखनीय है कि 19 जुलाई को रूसी सेना ने एमवी गोल्डन लियो नामक मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला किया था। अनाज से लदा यह जहाज ओडेसा से रवाना होने के बाद हमले का शिकार हुआ। जहाज मुंबई स्थित ओशन ग्रेस शिपिंग लिमिटेड के स्वामित्व में है।

जहाज पर भारत और सीरिया के कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे। इस हमले में चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि अन्य चालक दल के सदस्यों की स्थिति को लेकर संबंधित एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख