चंडीगढ़। पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद हरियाणा और पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कई रूट डायवर्ट किए हैं। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान अमेरिका-भारत मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली में आयोजित महापंचायत में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं। इसे देखते हुए हरियाणा के कई जिलों में पुलिस अलर्ट पर है।
कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर लंबा जाम
सोनीपत के कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हरियाणा पुलिस ने वज्र वाहन तैनात कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही वाहनों को दिल्ली की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है।
कुरुक्षेत्र में दिल्ली जा रहे किसानों से भरी एक निजी बस को ज्योतिसर चौकी के पास रोक लिया गया। बस में सवार करीब 30 किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इनमें भारतीय किसान यूनियन पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच भी शामिल हैं।
कई स्थानों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
हिसार क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने बहादुरगढ़-द्वारका बाईपास पर बैरिकेडिंग कर दी है। निजी वाहनों की सघन जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है।
वहीं शंभू बॉर्डर पर किसानों के जुटने से अमृतसर-दिल्ली और चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश के बीच यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल और सोनीपत सहित कई जिलों में पुलिस ने एहतियातन कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया है।
