भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक के दूसरे दिन आज अधिकारी स्तर पर नीतिगत प्रारूपों और विभिन्न विषयों पर विस्तृत मंथन होगा।
कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित बैठक में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार 10 देशों के वरिष्ठ अधिकारी तथा 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि शामिल हैं। आज की बैठक में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों के घोषणापत्र के मसौदे के साथ-साथ सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संग्रहालयों के विकास, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण तथा ब्रिक्स देशों के बीच जन-से-जन संपर्क मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
बैठक के बाद शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें सदस्य और भागीदार देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। यह कार्यक्रम आम लोगों के लिए खुला रहेगा, जहां विभिन्न देशों की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का समापन संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित रात्रिभोज के साथ होगा।
