26.2 C
Kolkata
Thursday, August 6, 2026

शेख हसीना के लाइव प्रसारण पर भारत से नाराज हुआ बांग्लादेश

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की नई दिल्ली में मीडिया के साथ हुई लाइव बातचीत को लेकर बांग्लादेश ने भारत के प्रति नाराजगी जताई है। ढाका का कहना है कि इस कार्यक्रम से देश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और दोनों देशों के संबंधों को सामान्य बनाने के प्रयासों को झटका लगा है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उसने पहले ही भारत को अपनी चिंताओं से अवगत करा दिया था। मंत्रालय के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम से दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि शेख हसीना और उनके सहयोगियों ने इस मंच का उपयोग बांग्लादेश के खिलाफ बयान देने के लिए किया। मंत्रालय ने यह भी कहा कि पूर्व में जताई गई आपत्तियों और संभावित राजनयिक प्रभावों के बावजूद कार्यक्रम का आयोजन होने दिया गया।

बयान में कहा गया कि जुलाई क्रांति की दूसरी बरसी पर आयोजित यह कार्यक्रम बांग्लादेश की संप्रभुता और वर्ष 2024 के आंदोलन में मारे गए लोगों के प्रति सम्मान के विपरीत है। मंत्रालय ने यह भी आरोप लगाया कि शेख हसीना ने जुलाई-अगस्त 2024 की हिंसा से संबंधित संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट को खारिज किया।

साथ ही बांग्लादेश ने दोहराया कि वह भारत के साथ संप्रभु समानता, आपसी सम्मान, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और पारस्परिक हितों पर आधारित संबंध बनाए रखने का इच्छुक है। हालांकि, मंत्रालय ने कहा कि वर्ष 2013 की भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना को वापस भेजने के उसके अनुरोध पर अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के पतन और छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं। तब से दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है और ढाका लगातार उनकी वापसी की मांग करता रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख