26.2 C
Kolkata
Thursday, August 6, 2026

चाइल्ड पीजीआई के पार्क में खेलते समय बच्चे को लगा करंट, हालत गंभीर

नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई के पार्क में खेल रहे सात वर्षीय बच्चे को लोहे की ग्रिल छूने पर करंट लग गया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, घायल बच्चा अस्पताल में कार्यरत एक कर्मचारी का पुत्र है। उसकी मां दिशा गुप्ता ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे उनका बेटा अभिराज अन्य बच्चों के साथ पार्क में खेल रहा था। इसी दौरान उसने लोहे की ग्रिल को छुआ और करंट की चपेट में आ गया।

मौके पर मौजूद बच्चों ने सूझबूझ दिखाते हुए गेंद, चप्पल और डंडे की मदद से उसे ग्रिल से अलग किया, जिससे उसकी जान बच सकी। इसके बाद बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी रही, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने शांत कराया।

बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि पार्क की ग्रिल में पहले से करंट उतर रहा था, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने बिजली आपूर्ति बंद कराने की कोई व्यवस्था नहीं की। उन्होंने थाना सेक्टर-20 में शिकायत देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख