विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी को गोली मारकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घायल कारोबारी का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रायसेन गेट निवासी सर्राफा कारोबारी संजय सोनी अपने बेटे यश सोनी के साथ पीपलधार के साप्ताहिक हाट से व्यापार कर बुधवार शाम विदिशा लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे पीपलधार और पट्टन गांव के बीच तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया।
बदमाशों ने पहले आभूषणों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान व्यापारी की बाइक गिर गई। विरोध करने पर एक बदमाश ने संजय सोनी पर गोली चला दी, जो उनके बाएं हाथ में लगी। इसके बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 25 से 30 किलो चांदी के आभूषण, 25 से 30 ग्राम सोना, 25 हजार रुपये नकद और व्यापार से जुड़े दस्तावेज थे। परिवार ने लूट की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई है।
यश सोनी ने बताया कि तीनों बदमाश पूरी योजना के साथ आए थे। एक ने मास्क पहन रखा था, दूसरे ने सफेद तौलिये से चेहरा ढका था, जबकि लाल शर्ट पहने बदमाश ने गोली चलाई। आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कर जांच में जुटी है।
