26.2 C
Kolkata
Thursday, August 6, 2026

डीपीएल : सार्थक रंजन की 95 रन की पारी, नॉर्थ दिल्ली की शानदार जीत

नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने कप्तान सार्थक रंजन की विस्फोटक 95 रन की पारी और यश भाटिया के नाबाद अर्धशतक की बदौलत ईस्ट दिल्ली राइडर्स को छह विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली ने 172 रन का लक्ष्य 16 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाए। टीम के लिए सुजल सिंह ने 50 गेंदों पर नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बावजूद उन्होंने एक छोर संभाले रखा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से विकास दीक्षित सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में केवल 19 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नॉर्थ दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 39 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान सार्थक रंजन और यश भाटिया ने तीसरे विकेट के लिए 113 रन की मैच जिताऊ साझेदारी कर मुकाबले का रुख बदल दिया।

सार्थक रंजन ने 50 गेंदों में 95 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने सात चौके और आठ छक्के लगाए। 14वें ओवर में सिमरजीत सिंह के खिलाफ 29 रन बटोरकर उन्होंने मैच पूरी तरह नॉर्थ दिल्ली के पक्ष में कर दिया। हालांकि वह शतक से पांच रन से चूक गए।

सार्थक के आउट होने के बाद भारत सिंधवानी भी जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन यश भाटिया ने नाबाद अर्धशतक जमाते हुए टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया और नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को छह विकेट से यादगार जीत दिलाई।

Related Articles

नवीनतम लेख