26.2 C
Kolkata
Thursday, August 6, 2026

प्रधानमंत्री मोदी से मिले नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ, भारत की रचनात्मक क्षमता पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेटफ्लिक्स के सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी (को-सीईओ) टेड सारंडोस से मुलाकात कर भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा की। यह मुलाकात भारत में नेटफ्लिक्स के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि भारत में कहानी कहने की समृद्ध परंपरा और रचनात्मक प्रतिभा का विशाल भंडार है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन क्षमताओं के बल पर भारत वैश्विक स्तर पर सामग्री निर्माण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

नेटफ्लिक्स इंडिया ने भी इस मुलाकात को सम्मान की बात बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साझा दृष्टिकोण पर चर्चा हुई।

कंपनी ने बताया कि भारत में रचनात्मक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए ‘नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) और राष्ट्रीय फ़िल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के सहयोग से कौशल विकास और शिक्षा कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि देश की नई पीढ़ी के रचनात्मक प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख