40 C
Kolkata
Wednesday, June 24, 2026

दुल्हन की विदाई अब नाव से, हाथों में सामान और संग जीवनसाथी

भागलपुर । भागलपुर की लाइफ लाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद आम लोगों की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

पुल बंद होने के कारण अब लोगों को गंगा पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इस बीच शादी-विवाह का मौसम भी लोगों के लिए नई परेशानी लेकर आया है।

नवविवाहित जोड़े अब कार या बस नहीं बल्कि नाव से अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं। गंगा घाट पर इन दिनों ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जहां दूल्हा एक हाथ में दुल्हन की विदाई का सामान संभाले हुए है तो दूसरे हाथ से अपनी नवविवाहिता पत्नी का हाथ पकड़कर नाव पर चढ़ा रहा है। वहीं दुल्हन भी भारी सामान और रिश्तेदारों के बीच सावधानी से नाव में सवार होती नजर आ रही है।

लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु के टूटने से सबसे ज्यादा परेशानी रोजमर्रा के यात्रियों के साथ-साथ शादी समारोह में शामिल होने वाले परिवारों को हो रही है। बावजूद इसके लोग हर मुश्किल को पार कर अपने रिश्तों और परंपराओं को निभाने में जुटे हुए हैं। गंगा घाट पर दूल्हा-दुल्हन की नाव से हो रही विदाई का यह दृश्य अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

नवीनतम लेख