गिरिडीह। गिरिडीह में नया साल शुरू होते ही लोग अलग-अलग तरीके से खुशियां मनाने में जुट गए हैं। कई परिवार और युवा पिकनिक मनाने के लिए पिकनिक स्पॉट पर पहुंच रहे हैं। वहीं, कुछ लोग शराब के साथ मनोरंजन करने की तैयारी में भी थे। लेकिन इस बार पुलिस ने पिकनिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर शराब के सेवन पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। जिले के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी सार्वजनिक स्थल या पिकनिक स्पॉट पर शराब का सेवन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए खंडोली और वाटरफॉल जैसे महत्वपूर्ण पिकनिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस ने इन स्थानों पर जांच के लिए बैनर लगाए हैं, जिसमें शराब लेकर आने या पीने पर रोक का संदेश दिया गया है। चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां अधिकारी और जवान निगरानी कर रहे हैं। ब्रेथ एनालाइजर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा सके।


