29.6 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

राष्ट्रपति मुर्मु के सम्मान में मोल्दोवा में राजकीय भोज, आज से उत्तर मैसेडोनिया दौरा

चिसीनाउ। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा के पहले चरण के तहत मोल्दोवा का दौरा पूरा कर लिया है। उत्तर मैसेडोनिया रवाना होने से पहले उन्होंने चिसीनाउ में आयोजित राजकीय भोज में हिस्सा लिया। यह भोज मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू ने उनके सम्मान में आयोजित किया था।

भारतीय समुदाय से की मुलाकात

राष्ट्रपति मुर्मु ने मोल्दोवा में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत की। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सामाजिक माध्यम अकाउंट पर साझा जानकारी के अनुसार, भारतीय समुदाय ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया।

यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली राजकीय यात्रा है। मोल्दोवा के बाद राष्ट्रपति मुर्मु अब उत्तर मैसेडोनिया की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगी। इसके बाद वह रोमानिया जाएंगी।

भारत-मोल्दोवा संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा

मोल्दोवा यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ द्विपक्षीय बैठक की और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता का नेतृत्व किया। दोनों नेताओं ने कृषि, आधारभूत ढांचा, स्वास्थ्य सेवाएं, औषधि, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल सार्वजनिक ढांचा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

राष्ट्रपति मुर्मु ने भारत-मोल्दोवा व्यापार मंच को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा भारत विश्वास और साझा समृद्धि पर आधारित साझेदारी को मजबूत करना चाहता है।

Related Articles

नवीनतम लेख