29.6 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

फीफा रैंकिंग: विश्व कप जीतकर स्पेन बना नंबर-1, अर्जेंटीना दूसरे स्थान पर

नई दिल्ली। फीफा विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद स्पेन ने पुरुष फुटबॉल रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। फाइनल में अर्जेंटीना को हराने के बाद स्पेन ने छह महीने बाद फिर से नंबर-1 स्थान पर कब्जा जमाया है।

फाइनल जीत के साथ स्पेन की बड़ी उपलब्धि

विश्व कप फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराया। फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल कर स्पेन को पुरुष विश्व कप का दूसरा खिताब दिलाया। इस सफलता के साथ स्पेन पुरुष और महिला दोनों फीफा रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाला देश बन गया है।

मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना एक स्थान नीचे खिसककर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। वहीं, विश्व कप में चौथे स्थान पर रहने के बावजूद फ्रांस तीसरे और इंग्लैंड चौथे स्थान पर कायम है।

ब्राजील शीर्ष पांच में लौटा

विश्व कप में प्री-क्वार्टर फाइनल से बाहर होने वाले ब्राजील ने एक स्थान की छलांग लगाकर शीर्ष पांच में वापसी की है और अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं पुर्तगाल दो स्थान नीचे खिसककर सातवें नंबर पर पहुंच गया है।

चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को भी रैंकिंग में नुकसान हुआ है। पैराग्वे से हारकर विश्व कप से बाहर होने के बाद जर्मनी दो स्थान फिसलकर 12वें नंबर पर पहुंच गया है।

मेक्सिको को सबसे बड़ा फायदा

विश्व कप के सह-मेजबान देशों में मेक्सिको ने सबसे बड़ी छलांग लगाई है। मेक्सिको चार स्थान ऊपर पहुंचकर 10वें नंबर पर आ गया है। फीफा के अनुसार, जून रैंकिंग चक्र में कुल 105 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए, जिनमें 104 मैच विश्व कप 2026 से जुड़े थे।

फीफा पुरुष रैंकिंग (शीर्ष-10)

  1. स्पेन
  2. अर्जेंटीना
  3. फ्रांस
  4. इंग्लैंड
  5. ब्राजील
  6. मोरक्को
  7. पुर्तगाल
  8. बेल्जियम
  9. नीदरलैंड्स
  10. मेक्सिको

Related Articles

नवीनतम लेख