32 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

रांची विश्वविद्यालय में शेक्सपियर के ‘मैकबेथ’ का मंचन, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

रांची । रांची विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग द्वारा शनिवार को मोरहाबादी कैंपस स्थित शहीद स्मृति सभागार में विश्वप्रसिद्ध नाटककार विलियम शेक्सपियर की कालजयी रचना ‘मैकबेथ’ का भावपूर्ण और प्रभावशाली मंचन किया गया। यह प्रस्तुति शेक्सपियर को श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित की गई।

यह नाटक रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस मंचन के माध्यम से पाठ्यक्रम की विषयवस्तु को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में मानविकी संकाय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और आमंत्रित अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे आयोजन का वातावरण और अधिक गरिमामय बन गया।

मंचन के दौरान महत्त्वाकांक्षा, सत्ता, अपराधबोध और नियति जैसे गहन और कालजयी विषयों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने पात्रों की मनोवैज्ञानिक जटिलताओं और त्रासदीपूर्ण भावनाओं को मंच पर जीवंत कर दिया, जिसे दर्शकों ने भरपूर सराहा।

कार्यक्रम में उपस्थित डीन, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ शिक्षकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुप्रिया ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता और साहित्यिक अभिरुचि को बढ़ावा देते हैं।

दर्शकों ने भी छात्रों और शोधार्थियों की प्रस्तुति में दिखाई गई समर्पण भावना, समन्वय और सृजनशीलता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

Related Articles

नवीनतम लेख