मॉस्को। रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन के नए सैन्य प्रमुख मिखाइल द्रापाटी के 21 जुलाई को कार्यभार संभालने के बाद से रूस पर हमलों में तेज़ी आई है। रूसी अधिकारियों के अनुसार, इस अवधि में हमलों में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 950 नागरिक प्रभावित हुए हैं।
रूसी विदेश मंत्रालय के विशेष दूत रोडियन मिरोशनिक ने कहा कि हमलों में कम से कम 45 बच्चे प्रभावित हुए, जिनमें 15 की मौत हो गई। उनका आरोप है कि नई रणनीति के तहत आम बसों, निजी वाहनों, कृषि मशीनों और एम्बुलेंस जैसे नागरिक लक्ष्यों पर हमले बढ़ाए गए हैं।
रूस के अनुसार, यूक्रेन ने सोमवार रात बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले कर कई निजी गोदामों को निशाना बनाया। कार्यवाहक क्षेत्रीय गवर्नर विटाली कोरोल्योव ने बताया कि चेखोव शहर के एक गोदाम पर हुए ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हुई और 10 अन्य घायल हो गए।
सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित रूस-कजाकिस्तान मीडिया मंच के दौरान रूस के उप विदेश मंत्री मिखाइल गलुजिन ने आरोप लगाया कि यूक्रेन आर्थिक बुनियादी ढांचे पर हमले कर तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
वहीं, रूसी सैन्य विशेषज्ञ आंद्रे मारोचको ने दावा किया कि रूसी सेना ने सुमी क्षेत्र में नोवाया सेच के पास यूक्रेनी सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाई है और अब मारिनो बस्ती की ओर बढ़त बना रही है। रूसी रक्षा मंत्रालय पहले ही 29 जुलाई को नोवाया सेच पर नियंत्रण का दावा कर चुका है।
