31.1 C
Kolkata
Wednesday, August 5, 2026

पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में आग, 72 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

भोपाल। नैनपुर से इंदौर जा रही पेंचवैली एक्सप्रेस के बी-2 एसी कोच में बुधवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। समय रहते ट्रेन रोककर सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यह हादसा इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास सुबह करीब चार बजे हुआ। ट्रेन भोपाल की ओर आ रही थी और बी-2 एसी कोच पूरी तरह भरा हुआ था। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, तभी एसी पैनल से धुआं निकलने लगा और पूरे डिब्बे में फैल गया, जिससे यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसी पैनल से चिंगारियां निकलने लगीं, फायर अलार्म बज उठा और कोच की बिजली बार-बार बंद-चालू होने लगी। स्थिति को देखते हुए चेन खींचकर ट्रेन रोकी गई। घबराए यात्री जल्दबाजी में अपना सामान छोड़कर कोच से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद बी-2 कोच के सभी यात्रियों को अन्य डिब्बों में स्थानांतरित किया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी पैनल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख