मीरजापुर। मीरजापुर के चील्ह थाना क्षेत्र स्थित हरसिंहपुर गांव में निर्माणाधीन हाईवे के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि हाईवे की पुलिया के पिलर निर्माण के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें लगातार बारिश के कारण पानी भर गया था। इसी गड्ढे में सात वर्षीय किशन और छह वर्षीय सत्यम डूब गए। काफी तलाश के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चील्ह थाना प्रभारी वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस हादसे पर केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निर्देश पर अपना दल (एस) का प्रतिनिधिमंडल हरसिंहपुर पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।
#मीरजापुर, #दुर्घटना, #शोक
