नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को पांच विकेट से हरा दिया। पहले गेंदबाजों ने साउथ दिल्ली को 19.5 ओवर में 160 रन पर समेटा, फिर 161 रन का लक्ष्य पांच विकेट रहते हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अंतिम ओवरों में विजन पांचाल ने 12 गेंदों पर 24 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 160 रन तक पहुंचाया।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से मयंक गुसाईं ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट लिए। कुलवंत खेजरोलिया ने दो विकेट झटके, जबकि नितीश राणा को एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले में ही 26 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद नितीश राणा (32) और कृष यादव ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला।
अंतिम चरण में आयुष दोसेजा ने 27 गेंदों पर 44 रन की अहम पारी खेली। मयंक गुसाईं ने 10 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई और गेंद तथा बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
