31.1 C
Kolkata
Wednesday, August 5, 2026

नोएडा में 10 लोग साइबर ठगी के शिकार, 79.25 लाख रुपये की ठगी

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले 10 लोग साइबर अपराधियों के झांसे में आकर कुल 79.25 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गए। सभी मामलों में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध शैव्या गोयल ने बताया कि ठगी के अलग-अलग मामलों में मोबाइल हैकिंग, फर्जी निवेश, टेलीग्राम पर कार्य के बदले कमाई का झांसा, शेयर बाजार में निवेश, क्यूआर कोड स्कैन कराने, बैंक और क्रेडिट कार्ड अधिकारी बनकर धोखाधड़ी तथा अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल जैसी तरकीबें अपनाई गईं।

ग्रेटर नोएडा निवासी छतर सिंह के मोबाइल को हैक कर 7.79 लाख रुपये निकाल लिए गए। एनएसजी सोसायटी निवासी शिवराज सिंह भंडराल से टेलीग्राम पर कार्य के बदले मुनाफे का लालच देकर 6.11 लाख रुपये ठग लिए गए। गौरव कुमार को क्यूआर कोड स्कैन कराने और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर 6.80 लाख रुपये वसूले गए।

सेक्टर-2 निवासी कमल कुमार की कंपनी के सर्वर में अवैध प्रवेश कर ग्राहकों के डिजिटल गोल्ड निवेश से जुड़ा डाटा हासिल किया गया और 6.69 लाख रुपये की ठगी की गई। सेक्टर-27 निवासी सुभाष पाटिल को क्रेडिट कार्ड के अंक बढ़ाने का झांसा देकर लिंक भेजा गया, जिससे उनका मोबाइल हैक कर 5.30 लाख रुपये निकाल लिए गए।

विक्रांत साहीवाल को ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देकर 22.50 लाख रुपये ठग लिए गए। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अरविंद ओझा से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 6.67 लाख रुपये और कपिल मखीजा से 5.28 लाख रुपये की ठगी की गई।

इसके अलावा अजय सिंह की कंपनी के बैंक खाते से मोबाइल अनुप्रयोग के जरिए 5.08 लाख रुपये निकाल लिए गए, जबकि अनीश को अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल किया गया और उनसे 6.31 लाख रुपये वसूल लिए गए।

पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड, निवेश प्रस्ताव या संदिग्ध संदेश पर भरोसा न करें और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

Related Articles

नवीनतम लेख