प्रयागराज। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि दोनों नदियां अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं और जिले के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की बुधवार सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में खतरे का जलस्तर 84.734 मीटर निर्धारित है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नैनी में यमुना नदी का जलस्तर 74.96 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 18 सेंटीमीटर बढ़ा है। यहां 41.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 78.32 मीटर रहा, जो 24 घंटे में 31 सेंटीमीटर बढ़ा। इस क्षेत्र में 22.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
छतनाग में गंगा का जलस्तर 74.59 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 14 सेंटीमीटर बढ़ा है। यहां 28.4 मिलीमीटर वर्षा हुई।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर में बढ़ोतरी के बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं और प्रशासन लगातार नदियों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।
