रांची । झारखंड की खेल प्रतिभा ने एक बार फिर दुनिया के नक्शे पर अपनी चमक बिखेरी है। रांची के मात्र सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट (Palk Strait) को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इस असाधारण उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची स्थित आवासीय कार्यालय में इशांक को सम्मानित किया।
सम्मान में भेंट किया 5 लाख का चेक
मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह की ऐतिहासिक सफलता की सराहना करते हुए उन्हें 5 लाख रुपए का चेक, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र प्रदान किया। इशांक ने 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरकर 29 किलोमीटर की दूरी तय की और यह कीर्तिमान स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इशांक की सफलता पूरे झारखंड के लिए गौरव का क्षण है। इतनी कम उम्र में ऐसा दृढ़ संकल्प युवाओं के लिए प्रेरणा है। सरकार राज्य के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में तैराकी की सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाए ताकि इशांक जैसे प्रतिभावान बच्चों को और बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सके।
“झारखंड के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत से विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हमारी सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद करेगी।”
— हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री
कोच और परिजनों का भी हुआ सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक के माता-पिता और उनके कोच को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल सचिव मुकेश कुमार और तैराकी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

