नई दिल्ली । भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय समीक्षा बैठक मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस बैठक के फैसलों का ऐलान आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा बुधवार सुबह 10 बजे करेंगे।
आरबीआई के अनुसार, मौद्रिक नीति वक्तव्य 5 अगस्त को सुबह 10 बजे जारी किया जाएगा, जबकि दोपहर 12 बजे नीति के बाद प्रेस वार्ता होगी। आर्थिक मामलों के जानकारों का मानना है कि छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति इस बार भी रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रख सकती है।
रेपो दर स्थिर रहने की संभावना
एसबीआई रिसर्च के अनुसार, अगले दो तिमाहियों में उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति के 5 प्रतिशत से ऊपर रहने का अनुमान है, जबकि घरेलू आर्थिक गतिविधियों में मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में आरबीआई के नीतिगत ब्याज दर में बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है।
वित्त वर्ष 2026-27 में मौद्रिक नीति समिति की कुल छह बैठकें निर्धारित हैं और यह तीसरी बैठक है। पहली समीक्षा बैठक अप्रैल में हुई थी। आरबीआई ने पिछले वर्ष आर्थिक वृद्धि को समर्थन देने के लिए रेपो दर में कुल 1.25 प्रतिशत की कटौती की थी और फिलहाल यह 5.25 प्रतिशत पर बनी हुई है।
