नई दिल्ली । एल्युमिनियम पार्ट्स बनाने वाली कंपनी पूजा प्रेसिजन इंजीनियरिंग लिमिटेड के शेयरों ने मंगलवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर 301 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले बीएसई के एसएमई मंच पर 470 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो 56.15 प्रतिशत प्रीमियम के बराबर है।
सूचीबद्ध होने के बाद शेयर में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती गिरावट के बाद इसमें तेज खरीदारी आई और शेयर 493.50 रुपये के अपर सर्किट स्तर पर बंद हुआ। इस तरह पहले ही दिन निवेशकों को प्रति शेयर 192.50 रुपये यानी लगभग 63.95 प्रतिशत का लाभ मिला।
एक लॉट पर करीब 77 हजार रुपये का लाभ
इस आईपीओ में निवेशकों ने 400 शेयर के एक लॉट में आवेदन किया था। सूचीबद्ध होने के दिन के अंत तक एक लॉट पर लगभग 77 हजार रुपये का लाभ हो गया।
पूजा प्रेसिजन का 159.83 करोड़ रुपये का आईपीओ 28 से 30 जुलाई तक खुला था और इसे निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला। यह कुल 278.83 गुना अभिदत्त हुआ। संस्थागत खरीदारों का हिस्सा 206.46 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 463.43 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 247.58 गुना अभिदत्त हुआ।
कंपनी नई विनिर्माण इकाई लगाएगी
कंपनी ने आईपीओ के तहत 53.10 लाख शेयर जारी किए हैं। इससे जुटाई गई राशि का उपयोग नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने, कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज घटाने और अन्य सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी का शुद्ध लाभ लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2023-24 में 16.10 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ था, जो 2024-25 में 23.93 करोड़ रुपये और 2025-26 में बढ़कर 30.90 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि में कंपनी का कुल राजस्व 174.59 करोड़ रुपये से बढ़कर 295.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
