31.6 C
Kolkata
Tuesday, August 4, 2026

दानापुर में नासरीगंज-पानापुर निःशुल्क स्टीमर फेरी सेवा शुरू

पटना । बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर फेरी सेवा का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। इस सेवा के शुरू होने से गंगा पार आवागमन आसान होने के साथ-साथ दियारा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने फेरी सेवा की विस्तृत जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया और उसमें सवार यात्रियों से बातचीत भी की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया।

दियारा क्षेत्र के छह पंचायतों को मिलेगा सीधा लाभ

सम्राट चौधरी ने कहा कि नासरीगंज-पानापुर फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और इससे लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। इस सेवा का लाभ दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर—के लोगों को सीधे तौर पर मिलेगा।

इस सेवा से सब्जी, फल, दुग्ध उत्पाद और अन्य कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे स्थानीय व्यापार और किसानों को लाभ मिलेगा। मॉनसून के दौरान यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।

मॉनसून में सुरक्षित आवागमन का विकल्प

गौरतलब है कि दियारा क्षेत्र से दानापुर तक गंगा नदी पर पीपा पुल का संचालन सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक होता है। शेष अवधि में पुल हटाए जाने के कारण लोगों को नदी पार करने में कठिनाइयों और जोखिम का सामना करना पड़ता है। नई फेरी सेवा इस समस्या का समाधान करेगी और गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।

दियारा क्षेत्र में संचालित विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और पंचायत कार्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, कर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी इस सेवा से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Related Articles

नवीनतम लेख