31.6 C
Kolkata
Tuesday, August 4, 2026

पटना में छात्रों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास मार्च के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन चलाया

पटना । बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, रोजगार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने डाकबंगला चौराहे के पास रोक दिया और स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

छात्र युवा संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में रामगुलाम चौक से जुलूस निकाला गया, जो जेपी गोलंबर से होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहा था। गांधी मैदान क्षेत्र में पुलिस ने पहले गेट संख्या 12 के पास छात्रों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे। इसके बाद डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका गया।

पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक

डाकबंगला चौराहे पर छात्रों और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही। प्रदर्शनकारियों के लगातार आगे बढ़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने वाटर कैनन चलाया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान थाना क्षेत्र समेत पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंगा नियंत्रण बल तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

छात्रों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई वापस लेने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा सीवान छात्र आंदोलन के दौरान घायल छात्र को मुआवजा, गिरफ्तार छात्रों की रिहाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई।

 

Related Articles

नवीनतम लेख