दांबुला । पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका दौरे का अंत जीत के साथ किया। तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को चार विकेट से हराकर सांत्वना जीत दर्ज की। हालांकि, श्रीलंका पहले ही शुरुआती दो मुकाबले जीतकर तीन मैचों की शृंखला 2-1 से अपने नाम कर चुका था।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 113 रन बनाए। कप्तान चमारी अटापथ्थु ने 34 रन की पारी खेली, जबकि पाकिस्तान की मोमिना रियासत ने 18 रन देकर दो विकेट लिए। 12वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर उन्होंने श्रीलंका की मजबूत शुरुआत पर ब्रेक लगा दिया।
आयशा जफर ने दिलाई जीत
114 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 18.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 115 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन मध्यक्रम में नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। आयशा जफर ने 31 गेंदों पर 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
श्रीलंका की ओर से चमारी अटापथ्थु और कविशा दिलहारी ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन पाकिस्तान को जीत से नहीं रोक सकीं।
संक्षिप्त स्कोर
श्रीलंका : 113/6 (20 ओवर) – चमारी अटापथ्थु 34, मोमिना रियासत 2/18।
पाकिस्तान : 115/6 (18.2 ओवर) – आयशा जफर 39, चमारी अटापथ्थु 2/20, कविशा दिलहारी 2/24।
परिणाम : पाकिस्तान ने चार विकेट से जीत दर्ज की, जबकि श्रीलंका ने शृंखला 2-1 से अपने नाम की।
