31.7 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से नवविवाहित युवक की मौत, साथी घायल

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार नवविवाहित युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राजगढ़ थाना क्षेत्र के रैकरा गांव के पास गुरुवार देर रात हुआ।

घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर किया गया है। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

बाइक से लौट रहे थे दोनों युवक

रैकरा गांव निवासी विजय कुमार (27) अपने साथी संजय (25) के साथ बाइक से खेत गया था। देर शाम दोनों खेत से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रैकरा मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं संजय की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

शादी के कुछ दिन बाद उजड़ा परिवार का सहारा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक के पिता झब्बू लाल ने बताया कि विजय कुमार की शादी 21 जून को राजगढ़ के गर्दा नाला स्थित शिव मंदिर में हुई थी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। शादी के कुछ ही दिन बाद हुई इस दुर्घटना से परिवार में मातम छा गया।

राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख