28.7 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ईडी का बड़ा शिकंजा, कई राज्यों में छापेमारी

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की कथित अवैध घुसपैठ तथा विदेशी धन से जुड़े धन शोधन मामले में गुरुवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल के हरौरा अल-जमीयतुल इस्लामिया दारुल उलूम से 40 लाख रुपये नकद और 180 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए गए।

40 लाख रुपये और सोने के सिक्के जब्त

ईडी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के कलिलकापुर स्थित संस्थान के प्रभारी से बरामद नकदी और सोने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 की धारा 17 के तहत इन्हें जब्त कर लिया गया। छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी कब्जे में ली गई है, जिसकी जांच की जा रही है। संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

विदेशी धन से घुसपैठ का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के तहत पंजीकृत कुछ सार्वजनिक धर्मार्थ ट्रस्ट इस नेटवर्क से जुड़े थे। इन संस्थाओं को ब्रिटेन स्थित संगठनों से धन मिलता था, जिसे बाद में छोटी-छोटी किश्तों में संदिग्ध लोगों तक पहुंचाया जाता था। आरोप है कि इस धन का उपयोग अवैध घुसपैठियों को भारत में बसाने, ई-रिक्शा उपलब्ध कराने, रोजगार दिलाने और आर्थिक सहायता देने में किया जाता था।

फर्जी दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप

ईडी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों में सक्रिय एक गिरोह कथित तौर पर अवैध घुसपैठ में मदद करता था, जबकि दूसरा गिरोह आधार, पैन कार्ड और पासपोर्ट जैसे फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। दोनों के समन्वय से कथित घुसपैठियों को देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा जाता था।

छापेमारी उत्तर 24 परगना, दक्षिण दिल्ली के बाटला हाउस, फरीदाबाद, देवबंद और पश्चिम बंगाल के अन्य जिलों में स्थित कई संस्थानों और परिसरों में की गई। ईडी ने कहा कि जब्त डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच जारी है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख