33.1 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

कोहली और गंभीर के बीच किसी मध्यस्थ की जरूरत नहीं : सितांशु कोटक

कार्डिफ (यूके)। भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने विराट कोहली और मुख्य कोच गौतम गंभीर के बीच मतभेदों की खबरों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है और उनके बीच किसी मध्यस्थ की जरूरत नहीं है।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने कहा कि अभ्यास सत्र के दौरान विराट कोहली से उनकी बातचीत केवल बल्लेबाजी से जुड़े तकनीकी पहलुओं को लेकर हुई थी।

कोहली-गंभीर के बीच लगातार संवाद

जब कोटक से पूछा गया कि क्या वह गंभीर और कोहली के बीच संवाद का माध्यम बने हुए हैं, तो उन्होंने कहा, “नहीं, विराट और गौतम आज ही शायद 10-12 बार बात कर चुके होंगे। मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी ब्रिज की जरूरत है।”

उन्होंने बताया कि कोहली ने खुद बल्लेबाजी से जुड़े कुछ पहलुओं पर चर्चा की थी। कोटक ने कहा कि इतने अनुभवी बल्लेबाज को बिना जरूरत तकनीकी सलाह देना सही नहीं है।

उन्होंने कहा कि विराट ने फुटवर्क और कुछ अन्य तकनीकी पहलुओं को लेकर चर्चा की थी और नेट अभ्यास के बाद भी इसी विषय पर बातचीत हुई।

अफवाहों को बताया बेबुनियाद

कोटक ने कोहली और गंभीर के रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहें कहां से आती हैं, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन ये लगातार सामने आती रहती हैं।

दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने की वापसी

कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली (65) और श्रेयस अय्यर (66) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 233 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 31 और रोहित शर्मा ने 26 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के जो रूट ने नाबाद 99 रन की शानदार पारी खेली। विल जैक्स और गस एटकिंसन के सहयोग से इंग्लैंड ने 44.1 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

अब तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का फैसला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम मुकाबले में होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख