26.5 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

रेल अस्पताल में आपदा प्रबंधन की मॉक ड्रिल

पूर्वी सिंहभूम । टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से शनिवार को उप मंडल रेल अस्पताल में आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों को लेकर विशेष प्रशिक्षण मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

अस्पताल के मेल वार्ड के सामने स्थित कैंटीन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, नर्सों, रेलकर्मियों और मरीजों को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुतलू मुर्मू, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ डी टोपनो सहित अस्पताल के कई चिकित्सक, नर्स, ड्रेसर, लिपिक और रेलकर्मी मौजूद थे।

सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर और राष्ट्रपति पदक सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने आग लगने के प्रमुख कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि ढीली वायरिंग, खराब स्विच और प्लग का उपयोग और एयर कंडीशनर की नियमित सर्विसिंग नहीं होना दुर्घटनाओं को बढ़ावा देता है।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में एसी में तकनीकी खराबी होने पर ब्लास्ट और भीषण आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

प्रशिक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद महंगे उपकरणों जैसे एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन में आग लगने की स्थिति में सीओटू फायर सिलेंडर के उपयोग को सबसे सुरक्षित और प्रभावी बताया गया। इससे उपकरणों को नुकसान से बचाया जा सकता है।

डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने आग लगने के दौरान मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया।

वहीं शंकर कुमार प्रसाद ने फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग की पास तकनीक समझाते हुए आग बुझाने की मॉक ड्रिल कराई।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों ने स्वयं फायर संयंत्र चलाकर उसका व्यावहारिक अनुभव लिया।

Related Articles

नवीनतम लेख