32 C
Kolkata
Friday, May 8, 2026

नन्हे तैराक इशांक सिंह का जलवा: पाल्क स्ट्रेट फतह कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ‘रिलेशंस’ संस्था ने किया सम्मानित

रांची । झारखंड की राजधानी रांची के सात वर्षीय नन्हे जांबाज इशांक सिंह ने समुद्र की लहरों पर अपनी जीत की कहानी लिखकर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। भारत और श्रीलंका के बीच स्थित खतरनाक पाल्क स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले इशांक को शुक्रवार को सामाजिक संस्था ‘रिलेशंस’ की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

हवाई नगर स्थित आवास पर सम्मान समारोह
संस्था के निदेशक आशुतोष द्विवेदी ने इशांक के हवाई नगर स्थित आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने इशांक को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी असाधारण प्रतिभा की सराहना की। द्विवेदी ने कहा कि समुद्र जैसी कठिन चुनौती को इतनी कम उम्र में पार करना इशांक के अद्भुत साहस, कड़े अनुशासन और अटूट परिश्रम का प्रमाण है।

इशांक ने 30 अप्रैल 2026 को करीब 9 घंटे 50 मिनट तक लगातार समुद्र की उफनती लहरों से मुकाबला करते हुए पाल्क स्ट्रेट को पार किया था। आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में, जहां बच्चे मोबाइल-टीवी में सिमट रहे हैं, इशांक का खेल के प्रति यह जुनून नई पीढ़ी के लिए एक बड़ी मिसाल है। इस सफलता में इशांक की माता मनीषा सिन्हा और पिता सुनील कुमार के सही मार्गदर्शन और त्याग की भी प्रशंसा की गई।

संस्था ने भरोसा दिलाया कि इशांक को भविष्य में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का तिरंगा लहराते रहें।

“इशांक ने न केवल रांची और झारखंड, बल्कि पूरे भारत का नाम वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह जीत आने वाली पीढ़ियों को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।”
                                                                                  — आशुतोष द्विवेदी, निदेशक, रिलेशंस

इस सम्मान समारोह के दौरान इशांक के माता-पिता समेत संस्था के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इशांक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद से ही उन्हें देश के कोने-कोने से बधाइयां मिल रही हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख